भिलाई : न्यूज़ 36 : छावनी थाना पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर महिला के फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने,5 रु लाख की रंगदारी मांगने और उसके पति को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में AI के जरिए फोटो एडिट कर अपराध करना स्वीकार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
AI से एडिट किए फोटो, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को पीड़िता साम्या खान ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि मोबाइल नंबर 9131397223 का उपयोग करने वाला रविन्द्र भारती उससे 5 रु लाख की मांग कर रहा था। रकम नहीं देने पर आरोपी ने AI तकनीक से उसके फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी।
पति की हत्या और जबरन तलाक का बनाया दबाव
शिकायत के अनुसार आरोपी ने पीड़िता के पति को जान से मारने की धमकी दी और उस पर पति से जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़िता मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस ने आरोपी को 24 घण्टे में पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद छावनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 511/2026 दर्ज कर जांच शुरु की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने AI तकनीक के माध्यम से फोटो एडिट करने और धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।
मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
धमधा का रहने वाला है
आरोपी गिरफ्तार :
आरोपी की पहचान रविन्द्र भारती (30 वर्ष), निवासी सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
AI का दुरुपयोग गंभीर अपराध : पुलिस
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि AI या अन्य डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल कर किसी की छवि खराब करना, ब्लैकमेल करना या सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देना गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई है।
