दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। परिवार के घर से बाहर रहने का फायदा उठाकर एक युवक मकान में घुस गया, लेकिन लौटते ही परिवार ने उसे देख लिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
रेस्टोरेंट से लौटे तो टूटा मिला ताला
प्रार्थी अकांशु मिश्रा (30), निवासी बजरंग चौक, पुलगांव और श्री राधा-कृष्ण मंदिर, महेश कॉलोनी के पुजारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह परिवार के साथ मोहन नगर थाना के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। रात करीब 11:30 बजे घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और घर की लाइट जल रही थी।
छत से भागा आरोपी, ग्रामीणों ने पकड़ा
घर के अंदर जाने पर एक युवक छत की ओर भागता दिखाई दिया। परिवार ने “चोर-चोर” चिल्लाते हुए उसका पीछा किया। आरोपी दीवार फांदकर भागने लगा, लेकिन आसपास के ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पहले भी कर चुका था चोरी का प्रयास
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सन्नी देशमुख (33), निवासी मिलपारा, सीता राइस मिल के पास, वार्ड-38, दुर्ग बताया। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपी पहले भी उनके घर में चोरी का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय गांव वालों की समझाइश पर शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलगांव पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में प्रार्थी की मां भगवती मिश्रा, भाई प्रियांशु मिश्रा और पत्नी स्वाकृति मिश्रा शामिल हैं। पुलगांव पार्षद अश्वनी निषाद एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलगांव थाना पुलिस ने अकांशु मिश्रा की शिकायत पर आरोपी सन्नी देशमुख के खिलाफ अपराध क्रमांक 0672/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(4) और 62 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।
