पुण्यतिथि पर लांस नायक कौशल यादव को दी गई श्रद्धांजलि
भिलाई : न्यूज़ 36 : कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर कारगिल युद्ध के अमर योद्धा एवं वीर चक्र से सम्मानित बलिदानी लांस नायक कौशल यादव की 26वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को हुडको स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया और कहा कि उनका अदस्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान देश की युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान को सर्वोच्च सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेश के सभी स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान से परिचित कराया जा सके। आयोजक व नगर निगम के राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित यादव, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगर्न, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, पूर्व राज्य मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी, दिनेश यादव सहित जनप्रतिनिधि, भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर सोसायटी के सदस्य, एनसीसी कैडेट, महिला प्रतिनिधि और बलिदानी कौशल यादव के स्वजन ने पुष्पांजलि अर्पित किया।
