एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी/पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने गए दोस्तों का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब नदी में नहाने उतरे दो किशोर तेज बहाव में बह गए। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसमें एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचे थे। इसी दौरान दो किशोर नहाने के लिए नदी में उतरे और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई।
सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और गहरे पानी में डीप डाइविंग कर रेस्क्यू अभियान शुरु किया।
कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला का शव नदी से बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं दूसरे किशोर की तलाश देर शाम तक जारी रही।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व धनीराम यादव ने किया। टीम में भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप सहित एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के तेज बहाव को देखते हुए जलाशयों में उतरने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
