Sunday, July 26, 2026

टाउनशिप सेंट्रल एवेन्यू सड़क हादसे के बाद हरकत में पुलिस और भिलाई इस्पात सयंत्र

दुर्घटना स्थल का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई टाउनशिप के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर 24 जुलाई की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद दुर्ग पुलिस और भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन हरकत में आ गए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से दोनों विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रुप से दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, दृश्यता, यातायात व्यवस्था और दुर्घटना संभावित बिंदुओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कम दृश्यता वाले स्थानों पर रेडियम टेप, रिफ्लेक्टर, कैट्स-आई, स्पीड लिमिट बोर्ड और चेतावनी संकेतक तत्काल लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को समय रहते मार्ग की जानकारी मिल सके। संयुक्त निरीक्षण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) कौशलेन्द्र पटेल, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) विंध्यराज, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी सहित भिलाई इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस और बीएसपी प्रबंधन ने यह भी निर्णय लिया कि संयंत्र परिसर और उससे जुड़े संपर्क मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त यातायात प्रबंधन उपाय लागू किए जाएंगे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का उल्लंघन न करें और सड़क पर लगे चेतावनी संकेतों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कदम लगातार उठाए जाते रहेंगे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news