गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर किए कई अहम खुलासे
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्ट्रै और कोयले की चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले में 16वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी लोडर ऑपरेटर है, जिसने पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हेमंत देवांगन ान (22 (22 वर्ष) निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी, हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले 4 से 5 महीनों से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फ्लू डस्ट लोडिंग के दौरान लौह स्क्रैप और कोक/कोयले को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों के जरिए बीएसपी से बाहर भेजा जाता था।
यह मामला 26 मई 2026 को सामने आया था, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह,खदानपारा स्थित ए. के. ट्रेडर्स और एचआईए हथखोज स्थित एक प्लॉट पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान फ्लू डस्ट से भरे ट्रकों और हाईवा वाहनों में लोहे की प्लेटें, बीम और कटिंग सामग्री छिपाकर रखी मिली थी। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद किया गया था। इसके अलावा स्क्रैप की ठुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल होने वाले हाईवा, हाइड्रा, जेसीबी सहित अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं।
विवेचना के दौरान हेमंत देवांगन की भूमिका सामने आने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोडर (क्रमांक CG 07 CE 0249) भी जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने करीब ₹90 लाख मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहन और मशीनरी सहित करीब ₹3.22 करोड़ की संपत्ति जप्त की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
