भिलाई : न्यूज़ 36 : विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार, अभद्र भाषा का प्रयोग और मारपीट के आरोप पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतोरा की प्रधान पाठक ममता शांडिल्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग ने की है। विद्यार्थियों ने पिछले दिनों इस मामले को लेकर कलेक्टर से शिकायत की थी और डीईओ कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध व्यक्त किया था। शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग अरविंद मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन, दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर शिकायत सही पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि प्रधान पाठक के व्यवहार से विद्यालय की छात्राओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। अरविंद मिश्रा ने बताया कि जांच समिति में बीईओ पाटन ढ़ालेंद्र देवांगन, एडीओपी हेमलता बंजारे एवं एनआईएस प्रशासक शिवम कटारे शामिल किए गए थे। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. केवीके राव ने आदेश में कहा है कि सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन है और गंभीर कदावार की श्रेणी में आता है। नियम, 1966 के तहत ममता शांडिल्य को निलंबित कर दिया है।
