Thursday, July 23, 2026

ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वे पुणे-हटिया सुपरफास्ट ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा (58 वर्ष), पिता भी. एन. पी. सिन्हा, निवासी वार्ड नंबर 58, साईं मंदिर के पास, कर्मचारी नगर, दुर्ग, गुरुवार को ट्रेन क्रमांक 22845 पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस से रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर ट्रेन में चढ़ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर गिर पड़े।

हादसे में उनका दायां पैर कट गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्टेशन प्रशासन मौके पर पहुंचा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल की मर्चुरी भेजा गया। आरक्षक 171 घनश्याम अग्निहोत्री द्वारा मुलाहिजा फार्म भरकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

बताया गया कि संदीप कुमार सिन्हा ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर पदस्थ थे और कार्यालयीन कार्य से ट्रेन के माध्यम से रायपुर जा रहे थे।

रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। प्रारंभिक जांच में चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news