साजा(अभिषेक) खमरिया : न्यूज़ 36 : जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुवारा में बुधवार खेत में काम करने गई एक महिला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई बताया जा रहा है कि खेत में नमी होने के कारण महिला का पैर फिसल गया और संभलने के दौरान वह कम ऊंचाई पर गुजर रहे खुले सर्विस वायर की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मनीषा यादव (33 वर्ष), पति सीताराम यादव, निवासी ग्राम गुवारा के रूप में हुई है। बुधवार करीब 9 बजे वह कृषि कार्य के लिए अपने खेत गई थी। इसी दौरान खेत में फिसलने से वह पास से गुजर रहे बिजली के सर्विस तार के संपर्क में आ गई और करंट लगने से मौत हो गई
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बुधवार शाम गांव में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसे लाया गया।
