दुर्ग में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई
दुर्ग : न्यूज़ 36 : खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग विकासखंड के ग्राम चिंगरी (अंडा) में बिना लाइसेंस उर्वरक एवं कीटनाशकों के अवैध भंडारण और निर्माण का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो गोदामों को सील कर बड़ी मात्रा में उर्वरक, कीटनाशक, कच्चा माल और निर्माण में उपयोग होने वाली मशीनें जब्त की गई हैं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने चंद्राकर किराना स्टोर्स परिसर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम बंद मिला। मकान मालिक ने बताया कि गोदाम किराये पर वरुण त्रिपाठी को दिया गया है। निरीक्षण दल द्वारा कई बार संपर्क करने के बावजूद संबंधित व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा और सहयोग नहीं किया। इसके बाद पंचों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर गोदाम का ताला खुलवाया गया।
गोदाम के भीतर जांच में बिना वैध लाइसेंस जैव उत्प्रेरक और कीटनाशकों का निर्माण, मिश्रण एवं भंडारण किया जाना पाया गया। मौके से बड़ी मात्रा में तैयार उत्पाद, कच्चा माल, 200 लीटर क्षमता वाले रसायनों से भरे ड्रम, पैकिंग मशीन, सीलिंग मशीन, तौल मशीन तथा दर्जनों बोरियों में रखा रॉ मटेरियल जब्त किया गया।
जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश-1985, आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955, कीटनाशक अधिनियम-1968 तथा कीटनाशक नियम-1971 के कई प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। कृषि विभाग ने संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम और कीटनाशक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरु कर दी है।
उप संचालक कृषि संदीप भाई ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने, खाद की कृत्रिम कमी पैदा करने, कालाबाजारी करने या बिना वैध दस्तावेज अमानक उर्वरक एवं कीटनाशकों का निर्माण अथवा विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जाएंगे तथा कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं और समितियों को निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिक कीमत वसूलने या वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से भी अपील की गई है कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग के नजदीकी कार्यालय को दें।
