भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने पर्यावरण संरक्षण एवं भिलाई शहर को अधिक हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से संबंधित विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक ली। शहर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बीएसपी प्रबंधन, सामाजिक संस्थाओं, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जिला उद्योग केन्द्र सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की आवश्यकता है और शहर के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए सभी विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता जरूरी है।

उन्होंने वृक्षारोपण को केवल पौधे लगाने तक सीमित न रखते हुए पौधों के संरक्षण एवं उनके पेड़ बनने तक नियमित देखभाल पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों के चयन, लगाए जाने वाले पौधों की ऊंचाई एवं प्रजाति, पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई की व्यवस्था तथा पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही सामाजिक संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संगठनों को अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने तथा उनकी देखरेख सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
