Tuesday, July 21, 2026

सुपेला रावणभाठा में तोड़फोड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई : रिकेश सेन

विधायक रिकेश सेन ने बिना सूचना कार्रवाई पर जताई नाराजगी

निगम का दावा, कार्रवाई से पहले तीन दिन का नोटिस दिया गया था

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला के रावणभाठा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा बुलडोजर चलाकर 40 से अधिक दुकानों को हटाने की कार्रवाई के बाद वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बिना सूचना दिए तोड़फोड़ की कार्रवाई करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि बरसात के मौसम में इस प्रकार की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों और दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कार्रवाई से पहले स्थानीय विधायक को विश्वास में लेना चाहिए था, लेकिन निगम अधिकारियों ने बिना किसी सूचना के मनमाने ढंग से कार्रवाई कर दी।

उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आवश्यक भी थी, तो इसके समय और तरीके को लेकर संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए थी। बरसात के बीच लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित करने वाली कार्रवाई उचित नहीं कही जा सकती।

विधायक ने कहा कि बिना जानकारी दिए और जनहित की अनदेखी कर कार्रवाई करने वाले जिम्मेदार निगम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। जनता के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है और किसी भी अधिकारी को मनमाने तरीके से कार्य करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गौरतलब है कि नगर निगम ने रावणभाठा क्षेत्र में कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक दुकानों को हटाया था। निगम के अनुसार प्रभावित लोगों को कार्रवाई से तीन दिन पहले नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, कार्रवाई के समय को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष देखा गया।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news