भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के अयस्क प्रबंधन संयंत्र (ओएचपी) में सोमवार को कार्य के दौरान एक ठेका श्रमिक घायल हो गया। हादसे में श्रमिक के सिर पर स्टील प्लेट गिर गई, जिससे उसका सुरक्षा हेलमेट भी टूट गया।
जानकारी के अनुसार, सागर कुमार सिंह (29 वर्ष)मेसर्स मनहरन नायर के अंतर्गत ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं। वह जनरल शिफ्ट में ओएचपी जंक्शन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक स्टील प्लेट उनके सिर पर गिर गई।
दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल दोपहर 3:20 बजे मुख्य चिकित्सा केंद्र (एमएमपी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र रेफर कर दिया।
फिलहाल सागर कुमार सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
