भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह ने निगम सभागार में शहर के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पहली बार सीधा संवाद किया। आयुक्त ने निगम की. कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आयुक्त ने बताया कि पेयजल, स्वच्छता, सड़क, जल निकासी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाएगी। बारिश के दौरान जिन क्षेत्रीं में जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराए जाएंगे। साथ ही भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के साथ समन्वय स्थापित क बीएसपी क्षेत्र की सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
हर सोमवार होगी जनसुनवाई : आयुक्त ने कहा कि निगम कार्यालय में प्रत्येक सोमवार सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई होगी, जिसमें नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित निराकरण का प्रयास किया जाएगा। लंबित ‘फाइलों की समीक्षा कर उनका जल्द निपटारा किया जाएगा। निगम में ई-आफिस व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू करने का लक्ष्य भी तय किया गया है।
नई पानी टंकियों और मिशन क्लीन सिटी पर फोकस : राजस्व बढ़ाने के लिए करों की समयबद्ध वसूली और निगम की दुकानों की पारदर्शी नीलामी की जाएगी। वहीं मिशन क्लीन सिटी में भिलाई को शामिल कराने, नई पानी टंकियों के निर्माण, शहीद पार्क सेक्टर-पांच के बेहतर संचालन, योजनाओं में तेजी तथा संजय नगर तालाब के सुंदरीकरण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
