Saturday, July 18, 2026

नाला किनारे मिला महिला का अर्धनग्न शव

55 वर्षीय महिला की हत्या, जांच में जुटी पुलिस, एक दिन पहले हुई थी लापता

भिलाई : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र के पुलगांव नाला किनारे जंगलनुमा इलाके में शुक्रवार को 55 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान उरला निवासी भगवंतीन बाई (55) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार महिला पिछले एक दिन से लापता थी। परिजन ने शुक्रवार को उसकी गुमशुदगी दुर्ग कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। इसी बीच पुलगांव नाला किनारे एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजन ने उसकी पहचान भगवंतीन बाई के रूप में की।

घर से काम पर जाने निकली थी

पुलिस के अनुसार भगवंतीन बाई रोजी-मजदूरी करती थीं। गुरुवार को वह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकली थीं। परिजन के मुताबिक उन्हें आखिरी बार एटीएम चौक के पास देखा गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब पुलिस उनकी अंतिम गतिविधियों और संपर्कों की भी जांच कर रही है।

फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारण और किसी अन्य अपराध की पुष्टि पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

डॉग स्क्वॉड ने जुटाए सुराग

घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली गई। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला को आखिरी बार किसके साथ थी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news