दुर्ग : न्यूज़ 36 : पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के चर्चित लेखराम कोठारी हत्याकांड में कथित लापरवाही पर थाना प्रभारी प्रमोद रूसिया को सीएसपी कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि हत्या से पहले, घटना के दौरान और बाद में उन्होंने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। डायल-112 और कंट्रोल रूम से सीएसपी को रात 9.30 बजे सूचना मिली, लेकिन टीआई ने घटना की तत्काल जानकारी नहीं दी। सीएसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर शव मॉर्चरी भेजा और घटनास्थल सुरक्षित कराया। आरोपियों की जानकारी होने के बावजूद अस्पताल में पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने से आरोपी लक्ष्मी चेलक फरार हो गया, जिसे बाद में एसीसीयू ने पकड़ा। 12 जुलाई की सुबह दोनों पक्षों की हिंसक झड़प के बाद एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। नोटिस में कहा गया है कि समय पर सख्त कार्रवाई और वरिष्ठ अधिकारियों को सही रिपोर्टिंग होती तो हत्या टाली जा सकती थी।
