Wednesday, July 15, 2026

भिलाई में इस बैंक के खातों का साइबर ठगी में उपयोग, 120 म्यूल खाताधारकों पर FIR

भिलाई : न्यूज़ 36 : साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिलाई नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 120 संदिग्ध खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन खातों का इस्तेमाल देशभर में हुई साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और आगे स्थानांतरित करने के लिए किए जाने का आरोप है।

समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी

पुलिस के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित ‘समन्वय पोर्टल’ तथा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना भिलाई नगर क्षेत्र में संचालित पंजाब नेशनल बैंक के खातों का परीक्षण किया गया। जांच में कई खाते साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेयर-1 (म्यूल अकाउंट) के रूप में उपयोग होते पाए गए।

2024 से 2026 के बीच हुआ लेन-देन

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 से 2026 के दौरान साइबर ठगी से प्राप्त राशि इन खातों में जमा कर अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर या आहरित की गई। पुलिस का कहना है कि खातों का उपयोग अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से किया गया।

120 खाताधारकों पर एफआईआर

भिलाई नगर पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 388/2026 दर्ज कर पंजाब नेशनल बैंक के 120 खाताधारकों को आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी गई है।

म्यूल अकाउंट पर पुलिस की सख्ती

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी ठगी की रकम को छिपाने और आगे भेजने के लिए आम लोगों के बैंक खातों का उपयोग “म्यूल अकाउंट” के रुप में करते हैं। ऐसे खाताधारकों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक अथवा इंटरनेट बैंकिंग की सुविधा उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना आपको भी साइबर अपराध का आरोपी बना सकता है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news