दुर्ग : न्यूज़ 36 : शहर के तालापारा क्षेत्र में करीब 1.90 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के सौदे को लेकर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने चार चेक देने का उल्लेख कर जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली, लेकिन न तो भुगतान किया और न ही चेक सौंपे। पीड़ित महिला की शिकायत पर सिविल लाइन ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गोंडपारा स्थित साईं मंदिर के पास रहने वाली 60 वर्षीय मंजुलता आनंद की पुश्तैनी जमीन का सौदा 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये में तय हुआ था। भारतीय नगर निवासी अंकित कुमार एक्का ने स्वयं को खरीदार बताते हुए जमीन खरीदने की इच्छा जताई और 19 मार्च को रजिस्ट्री कार्यालय में दस्तावेज तैयार कराए।
रजिस्ट्री दस्तावेजों में भुगतान के लिए चार चेक जारी किए जाने का उल्लेख भी किया गया। महिला का आरोप है कि रजिस्ट्री पूरी होने के बाद आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह स्वयं चेक बैंक खाते में जमा करा देगा। इसके बाद उसने न तो चेक दिए और न ही किसी प्रकार का भुगतान किया।
महिला के अनुसार जब उसने रकम के बारे में जानकारी लेनी चाही तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और मिलने से भी इंकार करने लगा। शिकायत में यह भीआरोप लगाया गया है कि रजिस्ट्री के तुरंत बाद आरोपी ने भ्रामक जानकारी देकर जमीन का नामांतरण भी अपने पक्ष में करा लिया।
करीब दो महीने तक भुगतान का इंतजार करने के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
