भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त ने शुक्रवार को जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंडोर स्टेडियम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मिनी स्टेडियम, सामुदायिक सुविधाओं एवं आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त राजीव कुमार पांडेय सबसे पहले इंडोर स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने खेल गतिविधियों के संचालन और सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए और खेल परिसरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद उन्होंने मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। यहां पूर्व में निर्मित लगभग 60 दुकानें लंबे समय से खाली या अव्यवस्थित स्थिति में पाई गईं। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम के राजस्व में वृद्धि और संपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए इन दुकानों की पुनः नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का उपयोग पारदर्शी तरीके से किया जाना आवश्यक है ताकि अधिकतम लाभ जनता और निगम दोनों को मिल सके।
