Tuesday, May 26, 2026

खेतों और पंचायत ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

225 मीटर वायर बरामद

दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पुलगांव पुलिस ने खेतों एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों एवं चोरी का माल खरीदने वालों के कब्जे से लगभग 225 मीटर कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है। लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए वायर को रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से लगभग 100 मीटर कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर लिया।संतोष सारथी ने पंचायत तालाब स्थित ट्यूबवेल से करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि चोरी किया गया वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचा गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 90 मीटर कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये है, जब्त किया।

इसके अलावा थाना पुलगांव के एक अन्य मामले में आरोपियों ने 20 मई 2026 को ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी करना भी स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने करीब 35 मीटर वायर बरामद किया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317 एवं संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर, रायपुर निवासी सहल उद्दीन और मौदहापारा रायपुर निवासी जय नारायण शामिल हैं।

पूरे मामले में थाना पुलगांव पुलिस टीम, चौकी अंजोरा प्रभारी, उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, प्रधान आरक्षक सुरेश रात्रे सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने आम नागरिकों से खेतों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news