भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र परिसर से स्क्रैप कॉपर केबल तार चोरी कर ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। क्यूआरटी टीम की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 210 किलो स्क्रैप कॉपर और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की है।
संदिग्ध स्विफ्ट कार का पीछा कर पकड़ा आरोपी
भिलाई भट्ठी थाना पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को सुबह करीब 9:50 बजे बीएसपी के एमएसडीएस-3 क्षेत्र के पास क्यूआरटी (जुलू-3 एवं 4) टीम ने ग्रे रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक CG07BF9243 को संदिग्ध अवस्था में देखा।
टीम द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक कार लेकर भागने लगा। इसके बाद क्यूआरटी टीम ने पीछा कर जोरातराई समवाय स्थित सीओसीसीडी एरिया के बिल्डिंग नंबर-32 के पास वाहन को रोक लिया।
धूल का फायदा उठाकर दो आरोपी फरार
कार रुकने के बाद धूलयुक्त वातावरण का फायदा उठाकर कार में सवार दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि चालक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नेमचंद यादव निवासी स्टेशन मरोदा, बीआरपी कॉलोनी, दुर्ग बताया।
आरोपी ने फरार साथियों के नाम शोहन और दिलेश्वर बताए हैं।
कार की डिग्गी से मिला 210 किलो कॉपर
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिग्गी से 210 किलो स्क्रैप कॉपर केबल तार बरामद हुआ। बीएसपी अधिकारियों ने जांच में पुष्टि की कि बरामद कॉपर संयंत्र की संपत्ति है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।
बिना पास के बीएसपी परिसर में घुसा था आरोपी
जांच में पता चला कि आरोपी बिना किसी वैध पास के प्रतिबंधित बीएसपी क्षेत्र में प्रवेश कर चोरी की नीयत से स्क्रैप कॉपर बाहर ले जाने का प्रयास कर रहा था।
घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
दुर्ग पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर धारा 303(2), 3(5) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 25 और 26 के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरु कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
