भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन आईपीएल सट्टा पैनल मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सट्टा संचालन के लिए म्यूल अकाउंट, एटीएम कार्ड, सीम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें ट्रांजेक्शन और बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 16 मई 2026 को थाना छावनी एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने हैदराबाद में संचालित ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा पैनल पर कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान लैपटॉप, नगदी, बैंक खातों के दस्तावेज, एटीएम कार्ड समेत अन्य सामग्री जब्त की गई थी। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
मामले की विवेचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए विभिन्न लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते, सीम कार्ड, चेकबुक और एटीएम कार्ड लिए जाते थे और उनका उपयोग अवैध लेन-देन में किया जाता था।
तकनीकी जांच और मोबाइल कॉल डिटेल के विश्लेषण में आरोपी अमानउद्दीन उर्फ अमन निवासी कैम्प-2 चटाई क्वार्टर भिलाई की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वह म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने का काम करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और विभिन्न बैंक खातों से संबंधित जानकारी मिली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, अवैध वित्तीय लेन-देन या बैंक खाते उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों और ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
