Sunday, May 24, 2026

बीटकॉईन निवेश के नाम पर 7.50 लाख की ठगी, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

दुर्ग : न्यूज़ 36 : बीटकॉईन में निवेश कर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया देवकी सोनकर निवासी शिक्षक नगर, मिनी स्टेडियम के पास, दुर्ग ने 9 अप्रैल 2024 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी ने बीटकॉईन में निवेश कराने और प्रतिमाह 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय में कुल 7.50 लाख रुपये नगद और यूपीआई के माध्यम से लिए थे। शुरुआत में आरोपी ने कुछ रकम वापस की, लेकिन बाद में शेष राशि लौटाने से बचता रहा और संपर्क बंद कर दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी, उम्र 48 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास, थाना डी.डी. नगर, रायपुर को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक183/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या अधिक लाभ के लालच में आने से पहले संबंधित संस्था और व्यक्ति की पूरी जानकारी और सत्यता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news