Saturday, May 23, 2026

फर्जी टैक्स वसूली पर लगेगी रोक, निगम ने सहायक राजस्व निरीक्षकों को जारी किए पहचान पत्र

दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा करदाताओं के हितों की सुरक्षा एवं फर्जी टैक्स वसूली की शिकायतों पर रोक लगाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग में कार्यरत सहायक राजस्व निरीक्षकों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। निगम प्रशासन की इस पहल से अब करदाता आसानी से निगम के अधिकृत कर्मचारियों की पहचान कर सकेंगे तथा फर्जी व्यक्तियों द्वारा टैक्स वसूली के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा। बैठक में आयुक्त सुमित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा कर संग्रहण कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा नियुक्त अधिकृत कर्मचारी ही टैक्स संग्रहण कार्य करेंगे और सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। बैठक में राजस्व अधिकारी आरके बोरकर सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि टैक्स भुगतान करने से पहले संबंधित कर्मचारी का पहचान पत्र अवश्य देखें और सत्यापन के बाद ही राशि जमा करें। आयुक्त सुमित अग्रवाल ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना पहचान पत्र के टैक्स राशि की मांग करता है, तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित वार्ड पार्षद अथवा नगर निगम कार्यालय से सत्यापित करें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news