Thursday, May 21, 2026

मनगटा के 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट में अवैध प्लाटिंग पर एक्शन

50 से अधिक फार्म-हाउस पर चला बुलडोजर

दुर्ग : न्यूज़ 36 : अवैध प्लाटिंग की लगातार शिकायतों के बीच अब जिला प्रशासन ने सख्त रूख अपनाते बड़ा एक्शन लिया है। शहर में हो रही कार्रवाई के साथ ही अब प्रशासनिक टीम ने बुधवार को मनगटा समीप करीबन 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट में हो रहे अवैध प्लाटिंग पर एक्शन लिया है। जेसीबी की मदद से 50 से अधिक फार्म-हाउस को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है। वहीं संबंधितों के खिलाफ जांच के बाद एफआईआर कराने की भी तैयारी कर ली गई है।

उल्लेखनीय है कि जिले में स्थित प्रसिद्ध इको-पर्यटन स्थल मनगटा की 150 एकड़ से अधिक कृषि भूमि और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग की शिकायतें सामने आती रही है। जिसको गंभीरता से लेते कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने अब सख्त एक्शन लिया है। एसडीएम गौतम पाटिल की उपस्थिति में टीम ने सड़क, नाली के साथ ही अवैध बाउंड्रीवाल को तोड़ने का काम किया। मनगटा अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हिरण अभ्यारण्य के लिए प्रदेशभर में प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक भी आसपास के जिलों से पहुंचते हैं। जिसको देखते हुए ही भू-माफियाओं ने पर्यटन क्षेत्र के आसपास और मुढ़ीपार मार्ग पर अवैध प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। जमीन दलालों ने बिना डायवर्सन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और रेरा परमिशन के कृषि भूमि को प्लाटों में बांटना शुरू किया। इन अवैध प्लॉटों पर मुरूम की सड़कें और बाउंड्रीवॉल भी बना दी गई थी।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई : कलेक्टर

कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर एसडीएम गौतम पाटिल और तहसीलदार प्यारेलाल नाग के नेतृत्व में राजस्व टीम द्वारा अवैध कॉलोनाइजरो और अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते बघेरा और झूराडबरी में अवैध निर्माण और संरचनाओं पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। संबंधित भूमि-स्वामियों को अवैध प्लाटिंग के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। तय समय-सीमा बीत जाने के बाद भी संबंधित भूमि-स्वामियों की ओर से कोई भी संतोषप्रद जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद राजस्व की टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कदम उठाया।

पटवारी-आरआई को भी नोटिस हुई जारी

इस मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए न केवल भूमि-स्वामियों पर कार्रवाई की है, बल्कि संबंधित पटवारी धनसिंह कोमरे और आरआई अवधराम ठाकुर को भी कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण को बढावा देने या समय पर इसकी जानकारी न देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इन भूमि-स्वामी पर एक्शन

मामले में भूमि स्वामी पंकज जैन पिता अमृत लाल के स्वामित्व वाले विभिन्न खसरों 129/1, 137/1, 137/2, 130/1, 131/1, 147/1 और 157/1 पर निर्मित अवैध संरचनाओं को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इसी ग्राम में रुक्मणी पति छेरकू के खसरा नंबर 565/1. नेहा महाजन पिता अंकुश महाजन के खसरा नंबर 570/1, प्रमोद चौधरी पिता रामायण चौधरी के खसरा नंबर 569/1, शालिनी साहू पति मुख्य कॉलोनाइजर मुरलीधर साहू के खसरा नंबर 386/1 और हिमांशु कुमार पिता रामइकबाल ठाकुर के खसरा नंबर 628/1. इसके तहत ग्राम शूराडबरी सुरडबरी में सीमा मौर्य पति राजनाथ मौर्य के खसरा नंबर 713/2, नेहा महाजन पिता अंकुश महाजन के एक अन्य खसरा नंबर 722/2 राघवेन्द्र सिंह पिता हंसध्वज के खसरा नंबर 648/3 तथा चंद्रशेखर मंगळूराम के खसरा नंबर 648/9 और 648/10 समी कुल रकबा लगभग 150 एकड़ पर अवैध प्लाटिंग तथा अवैध कब्जा को हटाने की कार्रवाई की गई है।

गेट, फेंसिंग सहित बाउंड्रीवाल तोड़ा

कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए बाउंड्रीवॉल दीवार, मुख्य प्रवेश द्वार गेट, रिसॉर्ट, मैरिज हॉल, तार-जाली फेसिंग और बनाई गई सड़‌कों को जेसीबी की मदद से बलपूर्वक तोड़ दिया गया। साथ ही सड़कों को पूरी तरह से खोदकर जमीन को वापस उसके मूल स्वरूप में लाया गया। प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में आगे भी यदि किसी के द्वारा सक्षम अधिकारी के बिना अनुमति अवैध प्लाटिंग या शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया जाता है, तो उनके खिलाफ इसी तरह बिना किसी रियायत के सीधे बुलडोजर चलाने और कानूनी एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news