भिलाई भट्टी पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने बीमा पॉलिसी में अधिक लाभ दिलाने और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदकर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थी संतोष कुमार निवासी भिलाई ने 17 मई 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। यहां उसकी मुलाकात स्वयं को बीमा एजेंट बताने वाले के. देवासहायम से हुई। आरोपी ने अधिक लाभ देने वाली बीमा योजना का भरोसा दिलाकर प्रार्थी को अपने झांसे में लिया।
आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों का बीमा कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में चेक और ऑनलाइन माध्यम से 31 लाख 30 हजार रुपये वसूल लिए। इसके अलावा सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदवाकर अधिक मुनाफे में बेचने का लालच दिया गया। इस व कुल 38 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।जब प्रार्थी ने बीमा संबंधी दस्तावेज मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु की। विवेचना के दौरान आरोपी के. रवि कुमार (29 वर्ष) एवं के. राजेश कुमार (26 वर्ष) निवासी सेक्टर-06 तथा वर्तमान पता सेक्टर-07 भिलाई की संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मामले से संबंधित दस्तावेज, बैंकिंग लेनदेन रिकॉर्ड, चेक एवं ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, सउनि पुनीत राम वर्मा एवं प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बीमा, निवेश अथवा आर्थिक योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित संस्था एवं एजेंट की वैधता की पूरी जांच करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
