Monday, May 18, 2026

दो पक्षों की लड़ाई में राहगीर को जमकर पीटा, इंजीनियरिंग छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला

दुर्ग : न्यूज़ 36 : पद्मनाभपुर थाना इलाके में एक मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद हो गया। इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों और दूसरे पक्ष के युवकों के बीच विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्रों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर से मारपीट की गई। उसके सोने की चेन लूट ली गई। हमले में घायल राहगीर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दरअसल मामला यह है ,घटना 14 मई की देर रात करीब 11.30 बजे की है। रूंगटा कॉलेज भिलाई में बी टेक की पढाई करने वाला छात्र मुकेश कौशिक अपने दोस्तों के साथ बिरयानी खाकर लौट रहा था। इसी दौरान पद्मनाभपुर स्थित मेगा मार्ट के पास उनकी बाइक को दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सुभाष चौक बोरसी निवासी लोकेश्वर साहू चला रहा था।

टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि लोकेश्वर साहू और उसके साथी रितेंद्र यादव ने अपने बाकी साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर इंजीनियरिंग छात्रों पर हमला कर दिया।युवकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से छात्रों को बेरहमी से पीटा। सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस मारपीट में राजा बिस्वास, अविनाश उत्कर्ष सिंह, पंकज कौशिक और आकाश केवट को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
पास से गुजर रहे राहगीर को भी पीटा, सोने की चेन लूटी

इसी दौरान वहां से गुजर रहे केलाबाड़ी दुर्ग निवासी शकील खान पर हमलावरों ने हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में रखा गया है। वहीं शकील खान के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनसे कैश और करीब दो तोले की सोने की चेन भी लूट ली।

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज करवाया मामला

वहीं, दूसरे पक्ष से भी इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। लोकेश्वर साहू ने शिकायत में बताया कि वो भी बिरयानी खाकर लौट रहे थे। दोनों बाइक आपस में टकरा गए। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज कर मारपीट की।

पुलिस ने दोनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं राहगीर शकील के पक्ष से भी एफआईआर की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक शिकायत दर्ज नहीं की गई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनका एफआईआर नहीं लिख रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news