बेटे के साथ रहती थी मृतका, एक संदिग्ध को पुलिस ने लिया हिरासत में
दुर्ग : न्यूज़ 36 : जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। मामला कल देर रात्रि का बताया गया है
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन पठारे ने बताया कि मृतका की पहचान सरस्वती पटेल (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला शारीरिक रूप से दिव्यांग थी और अपने बेटे अश्वनी पटेल के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि उसका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या के कारणों एवं परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
थाने के इतने करीब हुई हत्या की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
