ई-चालान मैसेज के बाद सामने आई ठगी
भिलाई : न्यूज़ : सुपेला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की फ्लिपकार्ट आईडी में बदलाव कर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने पीड़ित की जानकारी के बिना मोबाइल नंबर और पता बदलकर तीन मोबाइल फोन ऑर्डर कर 1 लाख 73 हजार 661 रुपये की धोखाधड़ी कर दी।
रायपुर की कंपनी में मैनेजर है प्रार्थी : पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मुकेश कुमार चंद्रवंशी (35), निवासी चौहान ग्रीन वैली फेस-02 जुनवानी भिलाई, रायपुर की टैक्समों कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
बैंक मैसेज से खुला पूरा मामला
मुकेश ने पुलिस को बताया कि 13 अप्रैल को उनके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से ई-चालान का मैसेज आया था। मैसेज में पुलिस विभाग का लोगो लगा या, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी। बाद में 18 अप्रैल को उनके मोबाइल पर आईसीआईसीआई और इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुल 1,73,661 रुपये डेबिट होने के मैसेज मिले।
मोबाइल नंबर और पता बदलकर मंगाए फोन
जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फ्लिपकार्ट आईडी का मोबाइल नंबर और पता बदलकर दिल्ली का पता दर्ज किया और अपने नाम से तीन मोबाइल फोन ऑर्डर कर प्राप्त कर लिए।
सुपेला पुलिस ने दर्ज किया अपराध
प्रार्थी की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0600/26 दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
साइबर जांच शुरू : पुलिस अब मोबाइल नंबर, डिलीवरी पते और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
