भिलाई : न्यूज़ : खुर्सीपार थाना क्षेत्र के खुर्सीपार गेट चौक में अज्ञात गैस सिलेंडर वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल की सुबह खुर्सीपार गेट चौक में पावर हाउस भिलाई की ओर से आ रहे गैस सिलेंडर ट्रक के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पीछे बैठी लता साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई थी। उपचार के लिए उन्हें पहले सुपेला और बाद में चिखली स्थित एसआर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां शाम 4:45 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बेमेतरा की रहने वाली थीं मृतिका
मृतिका की पहचान लता साहू, निवासी पड़पोडा, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
मूल घटनास्थल खुर्सीपार थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग जांच के बाद खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 0158/26 दर्ज किया है। अज्ञात गैस सिलेंडर ट्रक चालक के खिलाफ धारा 184 एलकेएस, 106 (1) बीएनएस और 281 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
वाहन चालक की तलाश जारी
पुलिस अब हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन चालक और ट्रक की पहचान में जुटी हुई है।
