ठग ने खुद को बताया सूरजपुर जिला का तहसीलदार
भिलाई : न्यूज़ 36 : नेवई थाना अंतर्गत रिसाली निवासी एक सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच, शुरू कर दी है। आरोपी ने स्वयं को सूरजपुर जिला का तहसीलदार होना बताया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दया नगर रिसाली निवासी सेवा निवृत्त बीएसपी कर्मी प्रार्थी भूषण प्रसाद वर्मा (61 वर्ष) ने नेवई पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया है। इसमें प्रार्थी ने पुलिस को बताया है कि उनकी पहचान जिला न्यायालय दुर्ग में एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने अपना नाम राहुल कुमार वर्मा बताया और खुद को जिला सूरजपुर का तहसीलदार बताया। आरोपी ने प्रार्थी को उनकी बेटी मितेश्वरी वर्मा को मंत्रालय रायपुर में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग तारीखों में 2.70 लाख रुपये आरोपी को दिए। सात अक्टूबर 2025 को आरोपी प्रार्थी के घर दया नगर रिसाली आया, जहां उसे नकद 1.50 लाख रुपये दिए गए। 10 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी की बेटी के पेटीएम के माध्यम से एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। 26 नवंबर 2025 को फिर से पेटीएम के जरिए 20 हजार रुपये भेजे गए। इस प्रकार आरोपित ने कुल 2.70 लाख रुपये लेकर नौकरी नहीं लगवाई और बाद में अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया। प्रार्थी ने आरोपी का फोटो भी अपने मोबाइल में सुरक्षित रखा है, जिसे आवेदन के साथ पुलिस को सौंपा गया है। मामले में पुलिस ने धारा 318(4) व 319 के तहत तथाकथित राहुल कुमार वर्षा के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
