दुर्ग : न्यूज़ 36 : वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 विधि से विरुद्ध संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को पकड़कर निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहन भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंजोरा निवासी वंशिक दास ने 12 अप्रैल 2026 को अपनी स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (CG 28/3762) चोरी होने की रिपोर्ट चौकी अंजोरा में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान 23 अप्रैल को अंजोरा साप्ताहिक बाजार में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 5 नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में बालकों ने बिना अनुमति वाहन चलाने के शौक में विभित्र स्थानों से वाहन चोरी करने और अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने स्प्लेंडर प्रो के साथ एक्टिंवा (CG 07 BK 4765) और अन्य 2 मोटरसाइकिल व 1 स्कूटी बरामद की है।
पुलिस ने सभी बालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह पुलगांव भेज दिया है। साथ ही उनके परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिगों द्वारा नए वाहन चलाने की चाहत और असामाजिक प्रवृत्ति के चलते चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।
दुर्ग पुलिस की अपील : पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रखें, उचित लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करें और किसी भी सदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही अभिभावकों से बच्चों पर निगरानी रखने और उन्हें गलत संगति से दूर रखने की अपील की गई है।
