Thursday, April 23, 2026

डेरा बस्ती में गांजा बिक्री का भंडाफोड़ मां-बेटा गिरफ्तार, 2.93 किलो गांजा जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.930 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नगदी सहित करीब 1.55 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि फरीद नगर स्थित डेरा बस्ती में गांजा बिक्री का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना पर थाना सुपेला पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी नंदनी धुर्वे (37 वर्ष) के पास से 1.780 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।

वहीं, मौके पर मौजूद विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 1.150 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 55 हजार रुपये), एक मोबाइल फोन और 300 रुपये नगद जब्त किए गए। पूछताछ में बालक ने बताया कि उसे गांजा उसकी मां द्वारा बिक्री के लिए दिया जाता था और बिक्री से प्राप्त राशि वह मां को सौंपता था।

इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 560/2026 के तहत धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 77, 78 जेजे एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं बालक के संबंध में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

अवैध कमाई के लिए कर रहे थे कारोबार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से गांजा बिक्री का कार्य कर रहे थे।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव, सहायक उप निरीक्षक राजीव उर्वसा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक अजीत यादव एवं गंभीर जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने की अपील :  दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित होने की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news