दुर्ग : न्यूज़ 36 : अपने घर का सपना देख रहे शहर के परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिक निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक ‘मोर मकान-मोर आस’ के तहत दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम पात्र और अपात्र हितग्राहियों की सूची जारी कर दी है।
निगम प्रशासन के अनुसार चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखा गया। सर्वेक्षण से लेकर दावा-आपत्ति और उनके निराकरण तक हर चरण में सावधानी बरती गई, ताकि केवल वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को ही योजना का लाभ मिल सके।
निगम ने सूची को आम नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल और भौतिक दोनों रूपों में उपलब्ध कराया है। हितग्राही निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सूची देख सकते हैं, वहीं डाटा सेंटर के सूचना बोर्ड पर भी सूची चस्पा की गई है। निगम ने नागरिकों से कहा है कि वे सूची का अवलोकन करें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दें।
