सोमनी के पास हादसा, नवरात्र में ट्रैफिक दबाव
भिलाई : न्यूज़ 36 : नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लागू किया गया वन-वे ट्रैफिक अब जानलेवा साबित होता नजर आ रहा है। रविवार को सोमनी के पास हाइवे पर ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार दंपत्ति ट्रक की चपेट में आ गए। पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई के संजय नगर सुपेला निवासी 45 वर्षीय नागराज साहू पिता मोहन साहू अपनी पत्नी पुष्पा साहू के साथ बाइक से डोंगरगढ़ से देवी दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमनी थाना क्षेत्र के आगे वन-वे में ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपत्ति सड़क पर गिर गए और नागराज साहू ट्रक के पहिए के नीचे आ गए उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी पुष्पा साहू गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
आधे घंटे तक लगा जाम, लोग हुए परेशान
हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नवरात्र के दौरान अंजोरा से राजनांदगांव तक वन-वे व्यवस्था हर साल लागू की जाती है, लेकिन इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। बढ़ते यातायात दबाव, ओवरटेक की होड़ और लापरवाही के चलते हर वर्ष जानें जा रही हैं, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
