भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने व अवैध वेंडिरों पर अंकुश लगाने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रविवार को विशेष अभियान चलाया।
इस दौरान 15 अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें 2940 पानी की बोतल भी शामिल है। आरपीएफ मुख्यालय के निर्देश पर दुर्ग स्टेशन में आरपीएफ प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में प्लेटफार्म स्थित स्टालों के बाहर अवैध रूप से रखी गई सामग्री पाई गई। इससे यात्रियों को स्टाल से सामान लेने और प्लेटफार्म पर आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान 2940 पानी की बोतलें, 96 फ्रूटी, 91 चिप्स पैकेट, 11 केक पैकेट तथा केला, अंगूर और खीरे के कैरेट जब्त किए गए। सभी जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए पार्सल कार्यालय दुर्ग को सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले वाणिज्य विभाग द्वारा 20 एवं 21 मार्च को लगातार दो दिन तक दुर्ग स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया गया था। सभी ट्रेनों की जांच की गई विशेष रूप से रात की ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान पकड़ में आए 10 अनधिकृत विक्रेताओं को आरपीएफ को सौंप दिया गया और उन पर धारा 144 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया। दुर्ग स्टेशन के प्लेटफार्म पर 547 किलो फलों को जब्त किया गया क्योंकि यह सामान बिना पार्सल की अनुमति के रखा था।
88 वेंडरों को नया पहचान पत्र नहीं
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेलवे यात्रियों की सुविधा-सुरक्षा को लेकर गंभीर चूक सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रविवार को कार्रवाई के दौरान पाया कि 88 वेंडरों के पहचान पत्र की अवधि समाप्त होने के बावजूद 22 मार्च तक नए कार्ड जारी नहीं किए गए। आरपीएफ ने इसकी वजह से अवैध वेंडिंग को बढ़ावा की आशंका जताई।
