दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 6.529 किलोग्राम अवैध गांजा सहित वाहन और मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना नेवई क्षेत्र में की गई। मुखबिर की सूचना पर रिसाली सेक्टर भिलाई स्थित ब्लॉक क्रमांक 298 एल के पास दबिश देकर आरोपी कविराज लीमा (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 3.554 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध NDPS Act की धारा 20 (b) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना उतई क्षेत्र में की गई, जहां ग्राम पतोरा तालाब पार के पास दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिलेश कुमार प्रजापति (26 वर्ष) और नंद कुमार यादव (36 वर्ष) शामिल हैं। इनके पास से 2.975 किलोग्राम गांजा, एक मोटर सायकल और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित करने में संलिप्त थे। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इन कार्रवाइयों में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम सहित स्टाफ एवं एसीसीयू टीम भिलाई, तथा थाना उतई के निरीक्षक महेश ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
