Wednesday, March 18, 2026

दुर्ग में ITMS कैमरों से कट रहे चालानः ढाई महीने में 8900 से ज्यादा कटे

ऑनलाइन चालान कटे, गाड़ियों का हर मूवमेंट हो रहा रिकॉर्ड

दुर्ग : न्यूज 36 : ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) केतहत शहर के बड़े चौक-चौराहों और प्रमुख सड़कों पर लगाए गए कैमरे 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। इन कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर बिना मौके पर रोके ही ई-चालान जारी किया जा रहा है।

यातायात पुलिस के मुताबिक, इस साल 2026 में अब तक 8926 से ज्यादा ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। यह पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक और प्रमाण के आधार पर होती है, जिससे किसी तरह की गड़बड़ी या पक्षपात की गुंजाइश नहीं रहती। कैमरे वाहन का नंबर रिकॉर्ड करते हैं और उसके आधार पर चालान सीधे वाहन मालिक के पते और मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाता है।

हर मूवमेंट रिकॉर्ड कर रहा आईटीएमएस

पुलिस का कहना है कि कई बार लोग चेकिंग देखकर रास्ता बदल लेते हैं या भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब ऐसे मामलों में भी कार्रवाई से बचना मुश्किल हो गया है। ITMS कैमरे हर मूवमेंट को रिकॉर्ड करते हैं, जिससे बाद में भी पहचान कर चालान किया जा सकता है। खास तौर पर बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, तीन सवारी बैठाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जैसे मामलों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। इन उल्लंघनों को रोकने के लिए कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।

ट्रैफिक नियमों में सख्ती बरत रही पुलिस

दुर्ग जिले में ट्रैफिक पुलिस लगातार चालानी कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ITMS के आने से ट्रैफिक कंट्रोल करना पहले से आसान हुआ है। इससे सड़क पर होने वाले हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। साथ ही, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ज्यादा व्यवस्थित और सुचारू बन रही है।

हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और सही दिशा में वाहन चलाना जैसे छोटे-छोटे नियम ही बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news