भिलाई : न्यूज़ 36 : अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 17 मार्च को भिलाई में मीडिया परिचर्चा और स्नेह मिलन का आयोजन सेक्टर-7, सड़क-2 स्थित राजयोग भवन भिलाई में दोपहर 12 बजे से आयोजित है। संस्था द्वारा संचालित राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के माध्यम से विश्व के 140 से अधिक देशों में 50 हजार से अधिक समर्पित ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक जीवनशैली, समय प्रबंधन और तनावमुक्त जीवन जैसे विषयों पर निश्शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पिछले 90 वर्षों से संस्था इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक और नैतिक जीवन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है। भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने बताया कि परिचर्चा के दौरान पत्रकारों के साथ संवाद, राजयोग मेडिटेशन का संक्षिप्त अभ्यास तथा स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
