दुर्ग : न्यूज़ 36 : नगर निगम दुर्ग वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में संपत्तिकर एवं अन्य करों की वसूली को लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन करदाताओं ने लंबे समय से कर राशि जमा नहीं की है, उनके विरुद्ध अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की ओर से प्रत्येक जोन के 10 बड़े बकायादारों की सूची तैयार की जा रही है। इन बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे ताकि उन्हें शीघ्र कर भुगतान के लिए प्रेरित किया जा सके। इसके बावजूद यदि बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो ऐसे करदाताओं के विरुद्ध कुर्की, संपत्ति सीलबंदी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने करदाताओं से कहा है कि वे 31 मार्च से पहले अपना बकाया संपत्तिकर एवं अन्य करों का भुगतान कर दें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि 31 मार्च के बाद बकाया करों की वसूली 17 प्रतिशत अधिभार के साथ की जाएगी। करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम परिसर में स्थित टैक्स काउंटर तथा सभी जोन कार्यालयों के काउंटर 31 मार्च तक शनिवार और रविवार को भी सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुले रहेंगे।
