Sunday, March 15, 2026

हत्या के प्रयास केस में मिशो के एरिया व डिलीवरी मैनेजर गिरफ्तार

ऑनलाइन ऑर्डर से आया प्रतिबंधित हथियार,

दुर्ग : न्यूज़ 36 : हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho से प्रतिबंधित धारदार हथियार की ऑनलाइन डिलीवरी का मामला उजागर किया है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी से जुड़े दो कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 को बोरसी निवासी सुमन मारकण्डे ने थाना पद्मनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर पूर्व रंजिश के चलते धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्रकरण में पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आगे की विवेचना में आरोपी के मेमोरेण्डम कथन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के दौरान यह सामने आया कि हमले में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार 14 सितंबर 2025 को ऑनलाइन माध्यम से Meesho प्लेटफॉर्म से ऑर्डर कर मंगाया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक और डिलीवरी से जुड़े विवेक वर्मा उर्फ विकु को नोटिस जारी कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपी प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस जांच में पाया गया कि ई-कॉमर्स माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1) (क), 27(3) तथा धारा 5 और 7 का उल्लंघन है। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपीयों के नाम

लोकोप्रियो बानिक (26 वर्ष), निवासी मदनमोहन रोड, बनमाली करमगंज, असम एरिया मैनेजर, Meesho विवेक वर्मा उर्फ विकु (26 वर्ष), निवासी शंकर नगर वार्ड 09, मुक्तिधाम के पास, दुर्ग डिलीवरी मैनेजर

जप्त की गई सामग्री

घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज

पुलिस ने की अपील 

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध वस्तुओं की खरीद-फरोख्त न करें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news