Friday, March 13, 2026

ठेला लगाने के विवाद में युवक पर धारदार हथियार से हमला

आरोपी को कुछ ही घंटों में पुलिस ने किया गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना क्षेत्र में ठेला लगाने के विवाद को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को शाम करीब 7:30 बजे जुनवानी स्थित देशी शराब दुकान के पास मेन रोड किनारे ठेला लगाने को लेकर दो ठेला संचालकों के बीच विवाद हो गया।

प्रार्थी श्याम बिहारी यादव ने सूचना दी कि उसका पुत्र रोहित यादव वहां चना-मुर्रा और पानी का ठेला लगाता है। उसी स्थान पर भोला साव भी ठेला लगाता था और दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।बताया गया कि ठेला लगाने और गंदगी फैलाने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपी भोला साव ने रोहित यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। घायल रोहित को आसपास के लोगों की मदद से तत्काल शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी में भर्ती कराया गया।

मामले में थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में अपराध क्रमांक 385/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भोला साव उर्फ तरुण (29 वर्ष), निवासी शास्त्री नगर कैम्प-01 छावनी, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जप्त किया गया है।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार देवांगन, आरक्षक कमलनारायण, सविन्दर सिंह और हर्षित शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news