भिलाई : न्यूज़ 36 : रायपुर-दुर्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में प्रस्तावित रुटीन तकनीकी मरम्मत कार्य के चलते आज 10 मार्च से 18 मार्च 2026 तक दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन से कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार कुम्हारी फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान कुछ आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाने की आवश्यकता पाई गई है।
मरम्मत कार्य को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के ऊपर के हिस्से को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। मरम्मत कार्य की अवधि में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दुर्ग से रायपुर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन से निकाला जाएगा। मौके पर यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे तथा वाहन चालकों को मार्गदर्शन देंगे।
दुर्ग पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, यातायात संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
