सरकारी योजनाओं की राशि में गड़बड़ी
भिलाई : न्यूज़ 36 : उतई सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की योजनाओं की राशि में करीब 26 लाख रुपए के गबन के आरोप में डॉ. नरेंद्र गोलन को निलंबित कर दिया गया है।
सीएमएचओ की रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक ने यह आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार डॉ. गोलन पर जीवनदीप समिति के खाते से 15 लाख 50 हजार 777 रुपये और जननी सुरक्षा योजना के खाते से 10 लाख 55 हजार 280 रुपये, कुल 26 लाख 6 हजार 57 रुपये के गबन का प्रथम दृष्टया आरोप पाया गया है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है। निलंबन अवधि में उन्हें संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय से संबद्ध किया गया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 में सामने आए इसी मामले में एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि डॉ. गोलन के खिलाफ कार्रवाई अब जाकर की गई है।
