कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम भी रहीं उपस्थित
भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना खुर्सीपार अंतर्गत श्रीराम मैदान में महिला कमांडो हेतु सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी Shamshad Begum एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Vijay Agrawal की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर खुर्सीपार, छावनी, जामुल, कुम्हारी एवं पुरानी भिलाई क्षेत्र के वार्डों और ग्रामों से 400 से अधिक महिला कमांडो ने सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र में SDRF टीम द्वारा सड़क दुर्घटना, आगजनी, बाढ़, भूकंप सहित मानवजनित एवं प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में बचाव, प्राथमिक उपचार, घायलों की सुरक्षित निकासी और समन्चित राहत कार्य का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधान, साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक पुलिसिंग, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, नशा मुक्ति अभियान तथा यातायात नियमों के पालन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। महिला कमांडो को अपने-अपने वार्ड एवं ग्राम स्तर पर कानून जागरुकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि महिला कमाडौ समाज में सुरक्षा और जागरूकता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आगामी होली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन स्वयं से शुरु करे, तो सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में महिला कमांडो टीमों को सशक्त बनाने हेतु टॉर्च एवं केन सिटी का वितरण भी किया गया। अंत में सभी महिला कमांडो ने ‘सशक्त नारी, सशक्त छत्तीसगढ़” और “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज का सामूहिक संकल्प लिया। 
आयोजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत सिंह पैकरा, एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, जिला सेनानी नगर सेना नागेंद्र सिंह, थाना प्रभारी खुर्सीपार आनंद शुक्ला सहित पुलिस स्टाफ, महिला डेस्क टीम एवं SDRF दल की सक्रिय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सामाजिक समरसता के प्रयासों में सहभागिता निभाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
