साजा :- बेमेतरा जिले की नई संगठनात्मक टीम में नवीन दायित्व प्राप्त करने के पश्चात जिला महामंत्री भाजपा युवा मोर्चा आयुष शर्मा ने क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू से उनके शासकीय आवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपने समर्थकों एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित आयुष शर्मा ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए इस दायित्व का वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों एवं सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना युवा मोर्चा की प्राथमिकता होगी।
आयुष शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का आम जनता को किस प्रकार अधिक से अधिक लाभ मिले, इस दिशा में युवा मोर्चा सक्रिय रूप से कार्य करेगा। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में पार्टी हित में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है और संगठन को मजबूत करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान उनके साथ साजा जनपद अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयुष शर्मा की नियुक्ति पर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल देखा गया। कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति के लिए प्रदेश संगठन एवं जिला संगठन पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री से भेंट
नवीन दायित्व मिलने के उपरांत आयुष शर्मा ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने सभी युवा साथियों को दिल्ली आने के लिए आमंत्रित भी किया।
