भिलाई : न्यूज़ 36 : ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर स्काउट गाइड के दैनिक चर्या कार्यक्रम के अंतर्गत भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के प्रशिक्षुओं ने तिरंगा रैली निकाली। यह देश भक्ति पूर्ण आयोजन ऑपरेशन, सिंदूर की सफलता से प्रेरित होकर किया गया। उक्त आयोजन के तारतम्य में सर्वप्रथम प्रशिक्षक डीटीसी डॉ. शीतल चंद शर्मा ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि हमें अपने सैनिकों के त्याग, बलिदान और शौर्य को नहीं भूलना चाहिए। साथ ही सभी स्काउट गाइड को शहीद हुए सैनिकों से साहस की प्रेरणा लेने हेतु प्रेरित किया। इसके पश्चात रैली सेक्टर-2 होते हुए से-3 और टाउनशिप के अन्य स्थानों पर गई।
विद्यार्थियों के ‘वंदे मातरम’ के नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। ज्ञातव्य है कि इस एक माह के प्रशिक्षण शिविर में इससे पूर्व राहगीरों को शीतल जल पिलाना और साइकिल रैली द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा चुका है। बड़ी संख्या में रास्ते में नागरिकों ने स्काउट गाइड के इस कार्य की सराहना की। उक्त आयोजन का दिशा नेतृत्व जिला सचिव सरिता शाक्य ने किया। डीओसी कीर्तिलता देशमुख, सत्यनारायण साहू और डॉ. शीतल चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। रेंजर्स-रोवर्स मिहिर, सचिन पासवान और यश ने भागीदारी दी। बीएसपी शिक्षा विभाग से अविनाश चंद्रशील सम्मिलित हुए।
