Tuesday, March 17, 2026

छत्तीसगढ़ शासन ने बढ़ाई कलाकारों की पेंशन राशि,रुका हुआ भुगतान भी होगा जल्द

छत्तीसगढ़ कलाकार विकास संघ के प्रदेशाध्यक्ष और लोककलाकार नवलदास मानिकपुरी ने जताया शासन का आभार

भिलाई : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ कलाकार विकास संघ के संस्थापक व प्रदेशाध्यक्ष राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार नवल दास मानिकपुरी ने शासन द्वारा वयोवृद्ध कलाकारों की पेंशन राशि बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व समूची सरकार का आभार जताया है। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2023-2024  और 2024-25 का लोककलाकारों का रुका हुआ भुगतान करवाने रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल पर भी संतोष जताया किया है।
उल्लेखनीय है कि ख्याति प्राप्त कबीर भजन लोकगीत गायक, गीतकार-संगीतकार, आकाशवाणी दूरदर्शन एवं फिल्म कलाकार नवल दास मानिकपुरी छत्तीसगढ़ कलाकार विकास संघ के माध्यम से प्रदेश के लोक कलाकारों की आवाज छत्तीसगढ़ शासन तक पहुंचाते रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार व मौजूद विष्णुदेव साय सरकार को लोक कलाकारों की दशा को लेकर 14 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था। जिसमें कलाकार की पेंशन को दो हजार रुपए से बढ़ाकर पांच हजार रुपए करने भी निवेदन किया गया था। इसके साथ ही ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख था कि वर्ष 2023-2024 और 2024-25 में संस्कृति विभाग द्वारा करवाए गए आयोजनों के भुगतान नहीं होने से लोक कलाकारों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति आ गई है।
नवल दास मानिकपुरी ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलाकारों की पेंशन राशि को दो हजार रुपए से बढ़ाकर पांच हजार रुपए करने की घोषणा की है। इसी तरह  एक और मांग वर्ष 2023-25 के लंबित भुगतान की थी।

नवल दास मानिकपुरी ने बताया कि संघ की इस मांग पर पूर्व संस्कृति मंत्री व वर्तमान में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कलाकारों की मानदेय राशि का तत्काल भुगतान करने आग्रह किया गया है। इस पहल के लिए समस्त छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल का आभार व्यक्त किया है। नवलदास मानिकपुरी ने उम्मीद जताई है कि सांसद अग्रवाल की पहल और मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर अब जल्द ही भुगतान हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ कलाकार विकास संघ की अन्य मांगों में सभी 33 जिलों में पंचायत/समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित कला पथक योजना के अंतर्गत रिक्त पदों की भर्ती, संस्कृति विभाग की चिन्हारी योजना में पंजीकृत कलाकारों/लोककला दल को पंजीयन प्रमाण पत्र एवं परिचय पत्र देने और केन्द्र सरकार/राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को कला जत्था के माध्यम से प्रचार प्रसार करने के लिये छत्तीसगढ कलाकार विकास संघ के कलाकारों से पूरे 33 जिलों में कराने की मांग छत्तीसगढ़ शासन से की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पिछले दिनों ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ कलाकार विकास संघ से परमेश्वर मरकाम, कन्हैयालाल, यशवंत कुमार पाण्डे, लखन लाल चौहान, ब्यास नाथ योगी, जीवन लाल कुंभकार, कृष्णा साहू,टीका राम सारथी, बलिदास मानिकपुरी, संतोष थापा और मनोज आदि मौजूद थे। सभी ने महासंघ की पेंशन बढ़ोत्तरी और लंबित भुगतान पर सकारात्मक पहल करने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ शासन का आभार जताया है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news