भिलाई: न्यूज़ 36 : बीएसपी टाउनशिप एवं पटरीपार क्षेत्र सुपेला से आना-जाना और आसान हो गया। 32 करोड़ की लागत से सुपेला में बने वायशेप अंडरब्रिज को आम लोगों की आवाजाही के लिए गुरुवार की रात खोल दिया गया । शाम को डीआरएम संजीव कुमार सहित रेलवे के अधिकारियों ने इस अंडर ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके बाद बिना किसी औपचारिकता के आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। चुनावी आचार संहिता के कारण ऐसा किया गया। उल्लेखनीय की 16 अगस्त 2022 को सुपेला रेलवे क्रॉसिंग बंद कर अंडरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया था। लगभग 21 माह में अंडरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। अंडर ब्रिज की भीतरी दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां देखते बन रही हैं। अंडरब्रिज में सुपेला की ओर खुलने वाले मुख्य लेन में डिवाइड बनाया गया है। वहीं टाउनशिप की ओर दो भागों में विभाजन होने से इसका आकार अंग्रेजी के वाय शेप में है। इस अंडर ब्रिज की चौड़ाई व ऊंचाई शहर में स्थित अन्य अंडर ब्रिज से अधिक है। जिसके चलते बड़े वाहनों को गुजरने में आसानी होगी अंडर ब्रिज वह एप्रोच रोड की दीवारों पर खूबसूरत कलाकृतियां उकेरी गई। अंडर ब्रिज के भीतर तारामंडल पेंटिंग की गई है। वहीं एप्रोच रोड वाले हिस्से में जंगल की हरियाली और विचरण करते वन्य प्राणियों की पेंटिंग देखते ही बन रही है। वायशेप के जंक्शन पॉइंट पर ग्रीन आयरलैंड का निर्माण भी किया गया है।
