भिलाई : अब तक सिनेमा और अन्य बड़े कार्यक्रमों की टिकट व पास को ज्यादा कीमत पर ब्लैक में बेचे जाने की बात आम तौर पर सुनाई देती रही है। लेकिन एक मामला जवाहर नगर के कचरा दारू भट्टी के बाहर का है। जिसमें एक बदमाश ने दारू को ब्लैक में बेचने के चक्कर में एक बुजुर्ग से विवाद होने पर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। ब्लैक में बेचने वाले बदमाश ने जब भी भट्टी में भीड़ होती है वह प्रति पौवा ₹10 अधिक लेकर ग्राहकों को जल्दी शराब उपलब्ध करवाता था। गुरुवार को एक बुजुर्ग ने उसे शराब लाने के लिए बोला तो आरोपी ने उसे विवाद शुरू कर दिया। और चाकू निकाल कर उसके पेट में घोप दिया। घटना में घायल बुजुर्ग अस्पताल में भर्ती है और वर्तमान में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गाली गलौज और हत्या का प्रयास की धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है साइ मंदिर के पास हाउसिंग बोर्ड निवासी अंकित अहिरे उर्फ छोटा बाबू 21 वर्ष जवाहर नगर कचरा दारू भट्टी के बाहर ब्लैक में दारू उपलब्ध करवाता था। हाउसिंग बोर्ड गुरुद्वारा के पास रहने वाला प्रहलाद गुप्ता उम्र 68 वर्ष गुरुवार को दारु भट्टी के पास गया था वहां पर उसने आरोपी से एक पव्वा शराब लाने के लिए बोला तो आरोपी ने उसे विवाद शुरू कर दिया ।आरोपी का कहना था कि पीड़ित ने उसे शराब लाने के लिए आदेशात्मक लहजे में बोला था। इसी बात पर उन दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और आरोपी ने चाकू निकालकर उसके पेट में गौंप दिया और वहां से फरार हो गया। वहां उपस्थित अन्य लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी इसके बाद डायल 112 की टीम पहुंची और बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने आरोपी अंकित अहिरे उर्फ छोटा बाबू के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है, उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे रिमांड पर जेल भेजा गया है।
